सागर में आठ साल बाद कानून के शिकंजे में आया गोलीकांड का आरोपी, दहेज विवाद से शुरू हुई दुश्मनी ने लिया था खूनी मोड़ !



सागर। आठ वर्षों से पुलिस और कानून की नजरों से बचता फिर रहा चर्चित गोलीकांड का एक आरोपी आखिरकार मोतीनगर थाना पुलिस के हत्थे चढ़ गया। वर्ष 2018 में दहेज विवाद के बाद हुए इस सनसनीखेज गोलीकांड में फरियादी दुष्यंत सिंह बुंदेला पर जानलेवा हमला किया गया था। मामले में फरार चल रहे आरोपी शिवभानु सिंह ठाकुर को मंगलवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। आरोपी, फरियादी का चाचा ससुर है। कार्रवाई की पुष्टि मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत ने की।


यह मामला केवल गोली चलने का नहीं था, बल्कि दो परिवारों के बीच गहराई तक पहुंच चुकी उस रंजिश का परिणाम था, जिसकी शुरुआत दहेज विवाद से हुई थी। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अगस्त 2018 में दुष्यंत सिंह की पत्नी आकांक्षा उर्फ सृष्टि ठाकुर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इस घटना के बाद मृतका पक्ष की शिकायत पर दुष्यंत सिंह और उनके पिता के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज किया गया। इसके बाद दोनों परिवारों के बीच तनाव लगातार बढ़ता गया।

तनाव का यह सिलसिला 16 नवंबर 2018 को खूनी मोड़ पर पहुंच गया। आरोप है कि पगारा रोड स्थित खेत पर पहले दुष्यंत सिंह को घेरा गया और फिर उन पर गोली चला दी गई। हमले में वह बाल-बाल बच गए। दुष्यंत ने पुलिस को दिए बयान में अपने चाचा ससुर शिवभानु सिंह ठाकुर, ससुर अशोक सिंह ठाकुर, शिवम सिंह ठाकुर तथा राहुल सिंह उर्फ सिद्धेश्वर सिंह ठाकुर को हमले का आरोपी बताया था।

घटना के बाद मोतीनगर थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया, लेकिन चारों आरोपी पुलिस गिरफ्त से दूर रहे। वर्षों तक चली तलाश के बाद मंगलवार को पुलिस ने शिवभानु सिंह ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया। दोपहर करीब तीन बजे आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई।


पुलिस का कहना है कि मामले के अन्य तीन आरोपी अब भी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।

करीब आठ साल पुराने इस बहुचर्चित मामले में हुई गिरफ्तारी को पुलिस के लिए अहम सफलता माना जा रहा है। वहीं पीड़ित पक्ष को भी उम्मीद है कि अब लंबे समय से लंबित इस मामले में न्यायिक प्रक्रिया तेज होगी और फरार आरोपियों पर भी कानून का शिकंजा कस सकेगा।

ब्यूरो रिपोर्ट "द प्राइम एक्सप्रेस"
संवाददाता — अर्पित सेन 
7806077338

Post a Comment

Previous Post Next Post