सागर: स्कूल बैग से निकली नागिन, प्राथमिक विद्यालय में मचा हड़कंप !



सागर। जिले के रहली विकासखंड के ग्राम चांदपुर स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक मासूम छात्र के स्कूल बैग से अचानक नागिन निकल आई। घटना के बाद कक्षा में मौजूद बच्चों में दहशत फैल गई और सभी छात्र घबराकर बाहर की ओर भाग निकले। समय रहते शिक्षकों ने स्थिति को संभाला और एक शिक्षक ने साहस व सूझबूझ का परिचय देते हुए नागिन का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। राहत की बात यह रही कि इस पूरी घटना में किसी भी छात्र या शिक्षक को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।

जानकारी के अनुसार, ग्राम चांदपुर के शासकीय प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने वाला नर्सरी कक्षा का छात्र भास्कर अहिरवार रोज की तरह अपना स्कूल बैग लेकर विद्यालय पहुंचा था। कक्षा शुरू होने के बाद जब उसने पढ़ाई के लिए बैग की चेन खोलकर किताब निकालने की कोशिश की, तभी उसके बैग के अंदर से अचानक एक नागिन बाहर निकल आई। सांप को देखते ही मासूम छात्र बुरी तरह घबरा गया और बैग वहीं छोड़कर क्लास रूम से बाहर भाग गया। बच्चे की चीख सुनकर कक्षा में मौजूद अन्य छात्र भी डर गए और अफरा-तफरी के बीच सभी बच्चे कक्षा से बाहर निकल आए।

घटना की सूचना तत्काल विद्यालय के शिक्षकों को दी गई। सूचना मिलते ही शिक्षक मौके पर पहुंचे और पूरे मामले को गंभीरता से लिया। बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी छात्रों को कक्षा से दूर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। इसी दौरान विद्यालय के शिक्षक अभय यादव ने साहस का परिचय देते हुए बैग के पास पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने देखा कि सांप अभी भी बैग के अंदर ही मौजूद था।

इसके बाद शिक्षक अभय यादव ने बेहद सावधानी के साथ बैग को उठाया और विद्यालय परिसर से बाहर सड़क किनारे खुले स्थान पर ले गए। जैसे ही बैग को नीचे रखा गया, उसमें से करीब डेढ़ फीट लंबी नागिन बाहर निकल आई। नागिन को देखते ही वहां मौजूद लोगों में भी दहशत फैल गई, लेकिन शिक्षक ने बिना घबराए सुरक्षित तरीके से उसका रेस्क्यू किया। उन्होंने नागिन को पकड़कर प्लास्टिक के एक डिब्बे में सुरक्षित रखा, जिससे किसी प्रकार की दुर्घटना न हो सके।

शिक्षक अभय यादव ने बताया कि छात्र के बैग में सांप कैसे पहुंचा, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। संभावना है कि सुबह घर में बैग जमीन पर रखा होने के दौरान नागिन उसमें घुस गई होगी और किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। यदि छात्र ने समय रहते बैग खोलते ही सांप को नहीं देखा होता, तो कोई बड़ा हादसा भी हो सकता था।

रेस्क्यू के बाद नागिन को सुरक्षित रूप से विद्यालय से दूर जंगल में छोड़ दिया गया। घटना के बाद विद्यालय परिसर में काफी देर तक चर्चा का माहौल बना रहा। ग्रामीण और अभिभावक भी स्कूल पहुंचे तथा बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। हालांकि शिक्षकों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के कारण संभावित बड़ा हादसा टल गया।

इस घटना ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि बरसात के मौसम में सांप और अन्य जहरीले जीव घरों, खेतों और सामान में छिप सकते हैं। ऐसे में स्कूल जाने वाले बच्चों के अभिभावकों को चाहिए कि वे बच्चों के बैग, जूते और अन्य सामान की अच्छी तरह जांच करने के बाद ही उन्हें स्कूल भेजें। वहीं विद्यालयों में भी नियमित साफ-सफाई और सतर्कता बनाए रखना जरूरी है, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।


ब्यूरो रिपोर्ट "द प्राइम एक्सप्रेस"
संवाददाता — अर्पित सेन 
7806077338

Post a Comment

Previous Post Next Post