सागर में नकदी का बड़ा खुलासा, नोट गिनने के लिए बुलानी पड़ी मशीन !



मध्यप्रदेश के सागर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां सोशल मीडिया पर बंदूक के साथ फोटो पोस्ट करना एक युवक के लिए भारी पड़ गया। फोटो वायरल होने के बाद पुलिस ने युवक की जानकारी जुटाई और जांच के लिए उसके घर पहुंची। हालांकि तलाशी के दौरान कोई हथियार बरामद नहीं हुआ, लेकिन घर में रखी भारी मात्रा में नकदी देखकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के होश उड़ गए।


यह पूरा मामला गोपालगंज थाना क्षेत्र के तिली तिगड्डा इलाके का है। युवक की पहचान सौरभ अहिरवार के रूप में हुई है, जो अपने भाई अंकित और मां के साथ रहता है। दोनों भाई किराए की टैक्सी चलाने का काम करते हैं। उनके पिता जगदीश अहिरवार का पहले ही निधन हो चुका है।



पुलिस जब सौरभ के घर पहुंची और तलाशी शुरू की, तो वहां बड़ी मात्रा में नकदी मिली। रकम इतनी अधिक थी कि नोटों की गिनती के लिए मशीन मंगानी पड़ी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अब तक करीब एक करोड़ रुपए की गिनती हो चुकी है, जबकि शेष राशि की जांच और गणना जारी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए राजस्व विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया गया तथा आयकर विभाग को सूचना भेजी गई है।


एडिशनल एसपी नरेंद्र सोलंकी ने बताया कि परिवार का दावा है कि यह रकम उनके भोपाल के चूनाभट्टी क्षेत्र में रहने वाले एक रिश्तेदार की है, जो पीडब्ल्यूडी में इंजीनियर हैं। पुलिस इस दावे की सत्यता की जांच कर रही है। वहीं, एसपी अनुराग सुजानिया भी मौके पर पहुंचे और परिवार के सदस्यों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल मीडिया को परिवार से बातचीत की अनुमति नहीं दी गई है।


सोशल मीडिया पर एक तस्वीर से शुरू हुई यह कार्रवाई अब करोड़ों की नकदी और उसके स्रोत की जांच तक पहुंच गई है। पूरे मामले ने सागर जिले में चर्चा का विषय बना दिया है और अब सभी की नजर जांच एजेंसियों की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।


ब्यूरो रिपोर्ट 'द प्राइम एक्सप्रेस'

संवाददाता — अर्पित सेन 

7806077338

Post a Comment

Previous Post Next Post