खुरई। 2 अक्टूबर 2026। गांधी जयंती के अवसर पर खुरई विधानसभा क्षेत्र में राष्ट्रव्यापी सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। खुरई के किला प्रांगण में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक भूपेंद्र सिंह ने स्वच्छता अभियान में शामिल होकर लोगों को स्वच्छता और श्रमदान का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम के दौरान खुरई तालाब के रिपटा घाट पर सफाई अभियान चलाया गया। विधायक भूपेंद्र सिंह ने सफाईकर्मी कमलारानी वाल्मीकि के पैर धोकर शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत केवल एक अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्रीय संकल्प है। सड़क, पार्क और सार्वजनिक स्थानों को अपनी निजी संपत्ति मानकर उनकी स्वच्छता का ध्यान रखना प्रत्येक जागरूक नागरिक की जिम्मेदारी है।
भूपेंद्र सिंह ने कहा कि स्वच्छता का सीधा संबंध स्वास्थ्य से है। गंदगी के कारण बीमारियां फैलती हैं और इसका आर्थिक असर सबसे अधिक गरीब परिवारों पर पड़ता है। उन्होंने स्कूली विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से अपील की कि सप्ताह में कम से कम एक दिन अपने मोहल्ले या गांव में सामूहिक रूप से श्रमदान करें।
उन्होंने सफाई मित्रों को स्वच्छता अभियान का सच्चा नायक बताते हुए कहा कि वे प्रतिदिन कठिन परिस्थितियों में काम करके शहर की सड़कों, नालियों और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखते हैं। युवाओं और विद्यार्थियों से स्वच्छता के संदेश को सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील भी की।
विधायक ने खुरई की स्वच्छता और पौधारोपण गतिविधियों का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2025 में खुरई नगरपालिका ने मध्यप्रदेश में पहला और देश में सातवां स्थान हासिल किया था। उन्होंने बताया कि खुरई विधानसभा क्षेत्र में पिछले वर्ष एक दिन में 65 हजार पौधे लगाए गए थे, जबकि इस वर्ष एक दिन में 1 लाख 35 हजार पौधारोपण किया गया।
कार्यक्रम में स्वच्छता विषय पर आयोजित निबंध और पेंटिंग प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित किए गए। निबंध प्रतियोगिता में वर्षा अहिरवार ने प्रथम, सिल्वेनिया जोसेफ ने द्वितीय और पूर्वी सैनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं पेंटिंग प्रतियोगिता में कंचन पटेल प्रथम, अनुष्का साहू द्वितीय और मेघा ठाकुर तृतीय रहीं। स्वच्छता में विशेष योगदान के लिए कशिश चढ़ार, मनोहर वाल्मीकि और अमर वाल्मीकि को भी सम्मानित किया गया।
इसके अलावा किला प्रांगण में मां बीजासन मंदिर के पास महिला जिम एवं ध्यान-योग केंद्र का शुभारंभ किया गया। शहीद भगत सिंह वार्ड में करीब एक करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले पार्क, महिला जिम और योग-ध्यान केंद्र का भूमिपूजन भी किया गया।
सेवा संकल्प अभियान के तहत खुरई विधानसभा क्षेत्र के छह भाजपा मंडलों, खुरई और मालथौन जनपद पंचायत क्षेत्रों तथा खुरई, मालथौन, बरोदिया कलां और बांदरी नगरीय निकायों में भी स्वच्छता अभियान चलाया गया। आयोजकों के अनुसार करीब 395 सार्वजनिक स्थलों पर सेवा कार्य किए गए, जिसमें जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं, अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने श्रमदान किया।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष नन्नीबाई अहिरवार, एसडीएम सतीश वर्मा, तहसीलदार ऋतु राय, सीएमओ राजेश महतेले, बीएमओ रामजी ठाकुर सहित जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, अधिकारी, सफाईकर्मी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।



Post a Comment