पत्नी की छाती पर चढ़कर गला रेता, तड़पाया फिर 2 मिनट में 15-20 वार और पटककर लातें मारीं, हत्या का सीसीटीवी वीडियो हुआ वायरल!

 


छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर में शुक्रवार सुबह एक महिला की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है। अमलतास कॉलोनी में दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी। आरोप है कि महिला के पति ने अपने दोस्त के साथ मिलकर उस पर चाकू से हमला किया। पूरी वारदात कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान 27 वर्षीय ज्योति चौरसिया के रूप में हुई है। ज्योति मूल रूप से महाराजपुर की रहने वाली थी और करीब एक महीने पहले ही अमलतास कॉलोनी में किराए के मकान में रहने आई थी। वह पास के एक होटल में वेटर का काम करती थी।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे ज्योति दुकान से सामान लेकर अपने घर की ओर लौट रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक उसके पास पहुंचे। बाइक पर पीछे बैठे युवक ने उतरकर ज्योति पर चाकू से हमला करना शुरू कर दिया।

CCTV फुटेज में हमले की पूरी वारदात दिखाई दे रही है। आरोपी महिला पर लगातार चाकू से वार करता नजर आ रहा है। हमला इतना बेरहम था कि ज्योति जमीन पर गिर गई। इसके बाद भी आरोपी नहीं रुका। आरोप है कि उसने महिला की छाती पर चढ़कर सिर और गर्दन पर करीब 15 से 20 बार चाकू से वार किए। महिला को जमीन पर पटकने के बाद कई बार लातें भी मारी गईं।



लहूलुहान हालत में ज्योति मदद के लिए चीखती रही। वह ‘बचाओ-बचाओ’ चिल्लाती रही, लेकिन सीसीटीवी में आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने नजर आए। कुछ वाहन भी वहां रुकते दिखाई दिए, लेकिन किसी ने हमलावर को रोकने की कोशिश नहीं की।

करीब दो मिनट तक जारी रहा हमला

सीसीटीवी फुटेज में आरोपी करीब दो मिनट तक महिला पर हमला करता दिखाई दे रहा है। इस दौरान उसका साथी बाइक पर बैठा रहा। हमले के बाद ज्योति ने किसी तरह वहां से दूर जाने की कोशिश की, लेकिन कुछ कदम चलने के बाद वह सड़क पर गिर गई। कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई।

वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, महिला का पति लखन जोशी और उसका दोस्त सोनू कुशवाहा वारदात के बाद उत्तर प्रदेश भाग गए थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को महोबा जिले के नानोरा गांव से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, लखन हाल ही में जेल से छूटकर बाहर आया था। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और हत्या के पीछे की वजह तथा वारदात में इस्तेमाल हथियार सहित अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात का CCTV सामने आने के बाद इलाके में कानून-व्यवस्था और मौके पर मौजूद लोगों की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। महिला मदद के लिए चीखती रही और करीब दो मिनट तक हमला चलता रहा, लेकिन कोई उसे बचाने आगे नहीं आया।


Post a Comment

Previous Post Next Post