17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर
सागर, 3 सितंबर 2026। आगामी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर प्रतिभा पाल ने की। उन्होंने अभियान की रूपरेखा और प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को विभागवार जिम्मेदारियां सौंपीं और समय-सीमा में सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सेवा संकल्प अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में आयोजित किया जा रहा है। कलेक्टर ने कहा कि अभियान का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना, रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से समाज को जोड़ना और जनसेवा की भावना को मजबूत करना है।
बूथ से जिला स्तर तक होंगे कार्यक्रम
अभियान के तहत ग्राम पंचायत से लेकर जिला स्तर तक विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। प्रत्येक बूथ पर दीप प्रज्वलन की व्यवस्था की जाएगी। इसकी जिम्मेदारी जनपद पंचायतों के सीईओ और नगरीय निकायों के सीएमओ को सौंपी गई है।
जनसेवा और स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए सभी शासकीय कार्यालयों में सफाई अभियान और श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्कूल और कॉलेजों में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। आमजन को जागरूक करने के लिए विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ नाटकों का आयोजन भी किया जाएगा।
आंगनवाड़ी कार्यक्रमों में माताओं की भागीदारी अनिवार्य
कलेक्टर ने पोषण और स्वास्थ्य जागरूकता पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि आंगनवाड़ी केंद्रों पर आयोजित कार्यक्रमों में बच्चों के साथ उनकी माताओं को भी अनिवार्य रूप से आमंत्रित किया जाए। इसके माध्यम से परिवारों को पोषण, स्वास्थ्य और शासन की योजनाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पहुंचाने के लिए विधानसभावार हितग्राहियों की सूची तैयार की जाए। अभियान के दौरान योजनाओं की जानकारी अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
एसडीएम को बनाया नोडल अधिकारी
पूरे अनुविभाग में सेवा संकल्प अभियान की व्यवस्थाओं, कार्यक्रमों के सुचारू संचालन और विभागों के बीच समन्वय के लिए संबंधित एसडीएम को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अभियान की तिथिवार कार्ययोजना तैयार करने और सौंपे गए दायित्वों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों की प्रगति की समय-समय पर समीक्षा की जाएगी।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ जगदीश गोमे, सिटी मजिस्ट्रेट शैलेश द्विवेदी, डिप्टी कलेक्टर संजय जैन सहित जिले के सभी विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी एसडीएम भी बैठक में शामिल हुए।
.jpg)
.jpg)
Post a Comment