सागर में नशे में सिर पर सब्बल मारकर युवक की हत्या, बुआ के बेटे ने उतारा मौत के घाट !

 


सागर जिले के गौरझामर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को आपसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। ग्राम बहेरिया में नशे की हालत में हुए विवाद के दौरान एक युवक की सिर पर सब्बल मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को मृतक के ही रिश्ते के भाई ने अंजाम दिया। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

कमरे में कहासुनी से शुरू हुआ विवाद, सब्बल से किया हमला

जानकारी के अनुसार बहेरिया निवासी राहुल अहिरवार (28) शुक्रवार को अपने घर के कमरे में था। इसी दौरान उसकी बुआ का बेटा अशोक अहिरवार वहां पहुंचा। बताया जा रहा है कि दोनों नशे की हालत में थे। किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।

इसी दौरान अशोक ने कमरे में रखी सब्बल उठा ली और राहुल के सिर पर जोरदार वार कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद राहुल की हालत बिगड़ गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही गौरझामर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक राहुल की मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने शव का पंचनामा बनाया

पुलिस ने घटनास्थल की जांच करने के बाद शव का पंचनामा बनाया। शुक्रवार शाम शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।

आरोपी गिरफ्तार, हत्या का मामला दर्ज

देवरी एसडीओपी अरुण उईके ने बताया कि आपसी विवाद के दौरान युवक के सिर पर सब्बल से हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी अशोक अहिरवार को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है कि विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और घटना किन परिस्थितियों में हुई।

पुलिस अब घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों को जुटाने के साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों से भी जानकारी ले रही है। रिश्ते के दो भाइयों के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद आखिर हत्या में बदल गया और एक परिवार ने अपना 28 वर्षीय सदस्य खो दिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post