सागर। जिले के बहुचर्चित बंडा जहरीली शराब कांड में सागर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में मुख्य आरोपी बताए जा रहे रवि लखेरा (45) को पुलिस ने देर रात बराठा क्षेत्र के हनुमान टोंग के जंगलों से मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घेराबंदी होते ही पुलिस पर फायरिंग
पुलिस के मुताबिक, आरोपी रवि लखेरा के जंगल में छिपे होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने हनुमान टोंग के जंगलों में घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इसी दौरान एक गोली रवि लखेरा के पैर में लगी और वह घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। पुलिस टीम ने उसे तत्काल हिरासत में ले लिया।
अवैध पिस्टल और कारतूस बरामद
पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से एक अवैध पिस्टल और कारतूस भी बरामद किए गए हैं। आरोपी की पहचान रवि लखेरा, पिता सुरेश लखेरा, निवासी ग्राम महेवा, थाना ओरछा रोड, जिला छतरपुर के रूप में हुई है।
अस्पताल में कड़ी सुरक्षा के बीच इलाज
गोली लगने के बाद आरोपी को एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कड़ी सुरक्षा के बीच उसका उपचार जारी है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ की तैयारी कर रही है।
बंडा जहरीली शराब कांड में पहले ही पुलिस द्वारा कई आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। ऐसे में मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी को मामले की जांच में अहम कड़ी माना जा रहा है। पुलिस को उम्मीद है कि रवि लखेरा से पूछताछ में अवैध शराब के निर्माण, सप्लाई और पूरे नेटवर्क से जुड़े कई महत्वपूर्ण राज सामने आ सकते हैं।
फिलहाल पुलिस मुठभेड़ की परिस्थितियों, बरामद हथियार और आरोपी की भूमिका को लेकर आगे की जांच कर रही है।
ब्यूरो रिपोर्ट "द प्राइम एक्सप्रेस"
संवाददाता — अर्पित सेन
7806077338

Post a Comment