खुरई क्षेत्र के थानों का IG इरशाद वली ने किया निरीक्षण, अपराध नियंत्रण और त्योहारों की सुरक्षा को लेकर दिए निर्देश !



सागर। पुलिस महानिरीक्षक सागर जोन इरशाद वली ने सोमवार को सागर जिले के खुरई क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने थाना नरयावली, थाना खुरई शहर, थाना खुरई देहात और एसडीओपी कार्यालय खुरई का निरीक्षण किया। भ्रमण के दौरान उन्होंने थाना प्रभारियों और अनुविभागीय पुलिस अधिकारियों से क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, अपराधों और पुलिसिंग की स्थिति की जानकारी ली। उनके साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीना जयवीर सिंह भदौरिया भी मौजूद रहे।


पुलिस महानिरीक्षक ने थाना प्रभारियों से क्षेत्र में घटित अपराधों, लंबित प्रकरणों, वारंटों और फरार आरोपियों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने लंबित अपराधों और विवेचनाओं का नियमित रूप से परीक्षण करते हुए मामलों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही फरार और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष प्रयास करने तथा अपराधों की रोकथाम के लिए लगातार प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने को कहा।



कानून-व्यवस्था की समीक्षा के दौरान IG ने संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने असामाजिक तत्वों और आपराधिक प्रवृत्ति वाले व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने तथा किसी भी सूचना पर तत्काल पुलिस प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने को कहा। थाना क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने के लिए पैदल भ्रमण और प्रभावी गश्त करने के साथ आमजन के बीच पुलिस की पहुंच और संवाद मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।


वर्तमान में गणेश उत्सव और आगामी त्योहारों को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने धार्मिक आयोजनों और प्रमुख गणेश पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा करने को कहा। आयोजकों के साथ समन्वय स्थापित कर भीड़ प्रबंधन, यातायात, पार्किंग, महिला एवं बच्चों की सुरक्षा, CCTV कैमरों, प्रकाश व्यवस्था और आपातकालीन व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।


अवैध शराब और नशे के खिलाफ कार्रवाई को लेकर भी पुलिस महानिरीक्षक ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी रखने को कहा। विशेष रूप से अवैध एवं जहरीली शराब के संभावित स्रोतों पर निगरानी बढ़ाने और पुलिस के सूचना तंत्र को मजबूत करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए।


IG इरशाद वली ने जनसुनवाई व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम नागरिकों की शिकायतों और समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए तथा उनका नियमानुसार त्वरित निराकरण किया जाए। उन्होंने पुलिस और आमजन के बीच बेहतर संवाद स्थापित कर विश्वासपूर्ण पुलिसिंग को मजबूत करने पर जोर दिया।


महिला संबंधी अपराधों, बाल अपराधों और कमजोर वर्ग से जुड़ी शिकायतों पर विशेष संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा थाना परिसरों की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए पुलिस कर्मचारियों की कार्य परिस्थितियों और आवश्यकताओं की जानकारी ली गई।


पुलिस महानिरीक्षक ने पुलिस कर्मचारियों को अनुशासन, बेहतर व्यवहार और पेशेवर कार्यप्रणाली के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण के साथ आमजन में सुरक्षा की भावना और पुलिस के प्रति विश्वास बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए क्षेत्र में निरंतर सक्रिय और संवेदनशील पुलिसिंग सुनिश्चित की जाए।


भ्रमण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीना जयवीर सिंह भदौरिया ने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग से संबंधित विभिन्न जानकारियों से पुलिस महानिरीक्षक को अवगत कराया।

Post a Comment

Previous Post Next Post