राहुल गांधी पर FIR के विरोध में सागर कांग्रेस का प्रदर्शन, वाटर कैनन के बीच धामी का पुतला फूंका !

 



पुलिस से हुई झूमाझटकी, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुतला घसीटकर किया दहन; FIR वापस लेने की मांग

सागर, 2 सितंबर 2026। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ उत्तराखंड में दर्ज एफआईआर के विरोध में सागर शहर कांग्रेस ने सोमवार को प्रदर्शन किया। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेशव्यापी आह्वान पर जिला शहर कांग्रेस कमेटी ने अप्सरा टॉकीज चौराहा, भगवानगंज पर प्रदर्शन करते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने पुतला दहन रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झूमाझटकी भी हुई।

प्रदर्शन का नेतृत्व जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उत्तराखंड सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का पुतला काफी दूर तक घसीटा और बाद में उसे आग के हवाले कर दिया। कांग्रेस ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को तत्काल वापस लेने की मांग की।

भाजपा के इशारे पर कार्रवाई का लगाया आरोप

प्रदर्शन के दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने आरोप लगाया कि उत्तराखंड की धामी सरकार ने भाजपा के इशारे पर राहुल गांधी के खिलाफ झूठी और दुर्भावनापूर्ण एफआईआर दर्ज की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इसे लोकतांत्रिक आवाज को दबाने की कोशिश मानती है।

जाटव ने कहा कि राहुल गांधी लगातार आम जनता, दलित, पिछड़े और आदिवासी वर्ग के अधिकारों को लेकर आवाज उठा रहे हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर का विरोध करते रहेंगे और जरूरत पड़ने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

पुलिस ने वाटर कैनन का किया इस्तेमाल

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्यमंत्री का पुतला लेकर आगे बढ़े। पुलिस ने पुतला दहन रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई और पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और झूमाझटकी की स्थिति भी बनी।

इसके बावजूद प्रदर्शनकारी पुतले को घसीटते हुए आगे ले गए और बाद में पुतला दहन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उत्तराखंड सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

भाजपा सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप

कांग्रेस संगठन महामंत्री रामकुमार पचौरी ने कहा कि भाजपा सरकार विपक्ष की आवाज से घबरा गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की आवाज को दबाने के लिए पुलिस और प्रशासन का इस्तेमाल किया जा रहा है।

पचौरी ने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता राहुल गांधी के साथ खड़ा है और उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर के विरोध में पार्टी आंदोलन जारी रखेगी।

वहीं कांग्रेस नेता डॉ. किरण लता सोनी ने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी वापस होने तक कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन को तेज करेगी।

बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रहे मौजूद

कार्यक्रम में प्रदीप पप्पू गुप्ता, राकेश राय, सेवादल अध्यक्ष सिंटू कटारे, सागर साहू, रमाकांत यादव, कमलेश तिवारी, हेमराज रजक, वीरेंद्र राजे, आनंद हैला, जितेंद्र रोहण, पार्षद ताहिर खान, वसीम खान, हीरालाल चौधरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर वापस नहीं होने तक पार्टी प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन जारी रखेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post