खुरई को मिली दो बड़ी सौगात: 131 करोड़ के कृषि महाविद्यालय की नींव, 36 करोड़ के संदीपनि विद्यालय का लोकार्पण !



सागर/खुरई। खुरई विधानसभा क्षेत्र को मंगलवार को शिक्षा और कृषि के क्षेत्र में दो बड़ी सौगातें मिलीं। पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक भूपेंद्र सिंह ने 131.20 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले स्व. अटल बिहारी वाजपेयी कृषि महाविद्यालय का भूमिपूजन किया। इसके बाद उन्होंने गढ़ौला जागीर में 36 करोड़ रुपये की लागत से बने संदीपनि उच्च माध्यमिक विद्यालय का लोकार्पण किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भूपेंद्र सिंह ने कहा कि खुरई सरबती गेहूं और आधुनिक कृषि के लिए पहले से पहचान रखता है। अब कृषि महाविद्यालय और वर्ष 2027 तक पूरी होने वाली बीना नदी सिंचाई परियोजना क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देंगे। उन्होंने बताया कि पिछले 12 वर्षों में मध्यप्रदेश में खुला यह एकमात्र नया कृषि महाविद्यालय है। इसमें आधुनिक भवन, छात्रावास और कृषि अनुसंधान केंद्र विकसित किया जाएगा, जिससे किसानों और युवाओं को नई तकनीक व शोध का लाभ मिलेगा।


गढ़ौला जागीर में संदीपनि विद्यालय के लोकार्पण पर उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को शहर जैसी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह विद्यालय गांव में स्थापित किया गया है। लगभग 12 एकड़ परिसर में बने इस विद्यालय में आधुनिक कक्षाएं, प्रयोगशालाएं, कंप्यूटर लैब और अन्य सुविधाएं उपलब्ध हैं। आगामी चरण में छात्रावास और खेल सुविधाओं का भी निर्माण किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि विद्यालय का पहला बोर्ड परीक्षा परिणाम 90 प्रतिशत से अधिक रहा, जबकि 8 विद्यार्थियों को लैपटॉप और 2 विद्यार्थियों को स्कूटी मिली है। कार्यक्रम में जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. प्रमोद कुमार मिश्रा, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।


ब्यूरो रिपोर्ट "द प्राइम एक्सप्रेस"
संवाददाता — अर्पित सेन 
7806077338

Post a Comment

Previous Post Next Post