सागर में कर्ज लेकर पटवारी को दिये ₹15000, फिर भी नहीं किया आवेदक का काम !




सागर। जिले के बंडा तहसील अंतर्गत ग्राम भूसा कमलपुर निवासी हनुमंत रजक, पिता निर्धन रजक, मंगलवार को सागर कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में पहुंचे और कलेक्टर प्रतिभा पाल को आवेदन सौंपकर अपने जमीन नामांतरण (कब्जा) मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

आवेदक ने आरोप लगाया कि उसकी जमीन के नामांतरण संबंधी कार्य के लिए संबंधित पटवारी दीनानाथ अहिरवार को करीब 15 हजार रुपये दिए थे। हनुमंत रजक का कहना है कि यह रकम उन्होंने कर्ज लेकर और घर के गहने बेचकर जुटाई थी, लेकिन इसके बावजूद उनका काम आज तक नहीं किया गया। उनका आरोप है कि पटवारी ने उनके मामले का निराकरण करने के बजाय दूसरे पक्ष के हित में कार्रवाई कर दी, जिससे उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


जनसुनवाई में दिए गए आवेदन में हनुमंत रजक ने कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि उनकी आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। हालात ऐसे हैं कि उनके पास आवेदन टाइप कराने तक के पैसे नहीं थे और जनसुनवाई में पहुंचने के लिए भी उन्हें दूसरों से उधार लेकर किराए की व्यवस्था करनी पड़ी।

पीड़ित ने प्रशासन से न्याय दिलाने की गुहार लगाते हुए कहा कि यदि समय रहते निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो उन्हें और उनके परिवार को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन उनके मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्रवाई करेगा।

फिलहाल इस मामले में संबंधित पटवारी या राजस्व विभाग का पक्ष सामने नहीं आया है। प्रशासनिक जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।

ब्यूरो रिपोर्ट "द प्राइम एक्सप्रेस"
संवाददाता — अर्पित सेन 
7806077338

Post a Comment

Previous Post Next Post