सागर। जिला कलेक्ट्रेट की जनसुनवाई में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई। सागर निवासी विनोद कुमार जड़िया ने शिकायत करते हुए बताया कि उन्होंने अपने सोलर नेट मीटरिंग कनेक्शन को अनटैग कराने के लिए करीब छह माह पहले नगर संभाग सागर (पावर हाउस जोन) में विधिवत आवेदन दिया था, लेकिन लंबे समय बीत जाने के बाद भी विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। इस कारण उन्हें गलत और अधिक बिजली बिलों का सामना करना पड़ रहा है तथा वे लगातार विभाग के चक्कर काटने को मजबूर हैं।
शिकायत मिलने पर जनसुनवाई में मौजूद जिला पंचायत CEO विवेक KV ने मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने तत्काल बिजली विभाग के संबंधित कर्मचारियों को बुलाकर लंबित प्रकरण पर जवाब मांगा। जब संतोषजनक उत्तर नहीं मिला तो CEO विवेक KV ने जनसुनवाई के दौरान ही कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई और मामले का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। इस दौरान का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वे विभागीय लापरवाही पर नाराजगी जाहिर करते दिखाई दे रहे हैं।
आवेदक का कहना है कि छह महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद विभाग ने न तो सोलर कनेक्शन अनटैग किया और न ही देरी का कोई लिखित कारण बताया। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक परेशानी भी झेलनी पड़ रही है।
जनसुनवाई में हुई इस कार्रवाई के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि बिजली विभाग लंबित प्रकरण का जल्द समाधान करेगा। वहीं, CEO विवेक KV के सख्त रुख की चर्चा भी पूरे जिले में हो रही है। लोगों का कहना है कि यदि इसी तरह अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए तो आम नागरिकों की समस्याओं का समय पर समाधान संभव हो सकेगा।
ब्यूरो रिपोर्ट "द प्राइम एक्सप्रेस"
संवाददाता — अर्पित सेन
7806077338