सागर में 16 जुलाई को निकलेगी भव्य श्री जगन्नाथ रथयात्रा, भक्ति और संस्कृति का होगा दिव्य संगम !



सागर। अंतरराष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (इस्कॉन) सागर द्वारा 16 जुलाई 2026 (गुरुवार) को भगवान श्री जगन्नाथ, बलदेव एवं सुभद्रा महारानी की भव्य श्री जगन्नाथ रथयात्रा का आयोजन किया जाएगा। इसकी जानकारी गुरुवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में इस्कॉन पदाधिकारियों ने दी। उन्होंने बताया कि रथयात्रा दोपहर 12 बजे सनराइज टाउन से प्रारंभ होकर इस्कॉन मंदिर, रामझरिया, तहसीली, लाल स्कूल, झंडा चौक, बस स्टैंड होते हुए रवीन्द्र भवन तक पहुंचेगी।

पत्रकार वार्ता में बताया गया कि इस वर्ष रथयात्रा का सबसे बड़ा आकर्षण विशेष रूप से निर्मित भव्य रथ होगा, जिसे इंदौर के अनुभवी शिल्पकारों ने उज्जैन और भोपाल की प्रसिद्ध रथ परंपरा से प्रेरित होकर तैयार किया है। रथ में आधुनिक हाइड्रोलिक कैनोपी प्रणाली, सुदर्शन चक्र तथा भगवान श्री जगन्नाथ, बलदेव एवं सुभद्रा महारानी के लिए विशेष दिव्य सिंहासन बनाया गया है।

महोत्सव में परम पूज्य हिज ग्रेस महामन प्रभुजी तथा वृंदावन से हिज ग्रेस असित कृष्ण प्रभु की विशेष उपस्थिति रहेगी। रथयात्रा का नेतृत्व इस्कॉन सागर के अध्यक्ष हिज ग्रेस कृष्णार्चन्द्र दास प्रभुजी करेंगे। देश-विदेश से आए अनेक वैष्णव भक्त भी इस आयोजन में शामिल होंगे।

रवीन्द्र भवन में शाम 6 बजे भव्य सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें श्री जगन्नाथ आरती, संतों के आध्यात्मिक प्रवचन, बाल कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां तथा अंत में महाप्रसाद वितरण किया जाएगा।

पत्रकार वार्ता में इस्कॉन सागर ने बताया कि ग्राम मैनपानी स्थित वृंदावन पहाड़ी पर श्री श्री राधा गोपीनाथ मंदिर का निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है। संस्था ने सागर सहित आसपास के सभी श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमी नागरिकों से अपील की कि वे अपने परिवार सहित बड़ी संख्या में रथयात्रा में शामिल होकर इस भक्ति, संस्कृति और आध्यात्मिकता के महापर्व को सफल बनाएं।


ब्यूरो रिपोर्ट "द प्राइम एक्सप्रेस"
संवाददाता - अर्पित सेन 
7806077338

Post a Comment

Previous Post Next Post