खुरई। खुरई विधानसभा क्षेत्र में 18 जुलाई को "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत एक ही दिन में एक लाख पौधों का वृहद वृक्षारोपण किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी अभियान की तैयारियों को लेकर पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में अभियान को सफल बनाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना, जिम्मेदारियों का निर्धारण और जनभागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि वृक्षारोपण केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जीवन और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा अभियान है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने "एक पेड़ मां के नाम" अभियान की शुरुआत की और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इसे प्रदेशव्यापी जनआंदोलन का रूप दिया है, उसी भावना के साथ खुरई विधानसभा क्षेत्र भी इस बार नया कीर्तिमान स्थापित करेगा।
उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष खुरई विधानसभा क्षेत्र में एक ही दिन में 65 हजार पौधे लगाए गए थे, जिसके लिए क्षेत्र की चारों नगरीय निकायों को मध्यप्रदेश शासन द्वारा प्रशस्ति-पत्र से सम्मानित किया गया था। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आम जनता की सामूहिक भागीदारी का परिणाम थी। इस बार लक्ष्य बढ़ाकर एक लाख पौधे रखा गया है और इसे भी जनसहभागिता के माध्यम से पूरा किया जाएगा।
हर परिवार की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील
भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यदि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण और शुद्ध हवा देनी है तो अधिक से अधिक वृक्ष लगाना ही एकमात्र विकल्प है। उन्होंने कहा कि इस अभियान में विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक परिवार की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने पार्षदों को निर्देश दिए कि वे वार्डवार क्लस्टर बनाकर बैठकें आयोजित करें और अपनी जिम्मेदारियां तय करें। नगर पालिका के सीएमओ को अध्यक्ष एवं पार्षदों के साथ समन्वय कर कार्य विभाजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वरिष्ठ पार्षद अजीत सिंह अजमानी को नगर स्तर पर अभियान का समन्वयक बनाया गया है।
इसी प्रकार जनपद पंचायत के सीईओ को सरपंचों, सचिवों और रोजगार सहायकों की बैठक लेकर ग्राम स्तर पर तैयारियां पूरी करने को कहा गया। सभी विभागीय अधिकारियों को भी अपने-अपने कर्मचारियों के साथ बैठक कर जिम्मेदारियां तय करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने बताया कि 15 जुलाई को पुनः समीक्षा बैठक आयोजित कर तैयारियों का अंतिम आकलन किया जाएगा।
निशुल्क मिलेंगे फलदार पौधे, पूर्वजों के नाम लगाई जा सकेगी पट्टिका
सोमवार को आयोजित जनचौपाल कार्यक्रम में भूपेन्द्र सिंह ने आम नागरिकों से भी अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने बताया कि नगर पालिका और जनपद पंचायत कार्यालयों के माध्यम से फलदार एवं स्वस्थ पौधे निशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे।
वृक्षारोपण के लिए विभिन्न स्थानों का चयन कर वहां पहले से गड्ढे और आवश्यक व्यवस्थाएं कर दी गई हैं। इच्छुक नागरिक इन स्थलों पर पहुंचकर पौधे लगा सकेंगे। विशेष बात यह रहेगी कि लोग अपने लगाए गए पौधे के साथ अपने पूर्वजों के नाम की पट्टिका भी स्थापित कर सकेंगे। साथ ही पौधारोपण की फोटो और वीडियो सोशल मीडिया एवं निर्धारित व्हाट्सएप नंबर पर साझा करने की भी अपील की गई।
अधिकारियों ने प्रस्तुत की तैयारियों की रिपोर्ट
बैठक में नगर पालिका सीएमओ राजेश मेहतेल ने नगरपालिका क्षेत्र में चयनित वृक्षारोपण स्थलों और वहां लगाए जाने वाले पौधों की संख्या की जानकारी दी। वहीं जनपद पंचायत सीईओ मीना कश्यप ने खुरई और मालथौन जनपद क्षेत्रों में चयनित स्थानों और लक्ष्य का विवरण प्रस्तुत किया।
तहसीलदार ऋतु राय ने पौधों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन की भूमिका स्पष्ट करते हुए कहा कि पौधों को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम मनोज चैरसिया ने बताया कि नवीन एसडीएम कार्यालय परिसरों सहित शासकीय भवनों के खाली स्थानों पर भी वृक्षारोपण कराया जाएगा। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वर्ष 2022 में सरकारी आवास पर लगाए गए आम के दो पौधे इस वर्ष फल देने लगे हैं, जो नियमित देखभाल का परिणाम है।
बैठक के अंत में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नन्हींबाई अहिरवार ने सभी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।
मालथौन में बनेगा विशाल गौधाम, कृषि महाविद्यालय को मिली भूमि
समीक्षा बैठक के दौरान भूपेन्द्र सिंह ने क्षेत्र की अन्य महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की घोषणा के अनुरूप मालथौन में विशाल गौधाम एवं गौ अभ्यारण्य के निर्माण के लिए गौधाम, बेसरा और कुलुआ खास गांवों के बीच लगभग 110 एकड़ भूमि आवंटित कर दी गई है।
इसके अलावा खुरई कृषि महाविद्यालय के प्रशासनिक भवन और छात्रावास निर्माण के लिए सिविल अस्पताल के निकट लगभग 11.5 एकड़ भूमि का आवंटन भी हो गया है। इस परियोजना का भूमिपूजन 15 जुलाई को किया जाएगा।
इसी दिन गढ़ौला जागीर में लगभग 38 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सांदीपनि स्कूल का लोकार्पण भी होगा।
जनचौपाल में सुनीं लोगों की समस्याएं
पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह ने अपने नियमित सोमवार जनचौपाल कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे अपनी समस्याओं के लिखित आवेदन लेकर आएं ताकि कार्रवाई में आसानी हो। इसके लिए कार्यालय में आवेदन लिखने की भी व्यवस्था की गई है।
जनचौपाल दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक चली। इस दौरान कई सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने पुष्पमालाओं के स्थान पर विद्यार्थियों के उपयोग की सामग्री—जैसे स्कूल बैग, कॉपी, पेन, रजिस्टर और वाटर बॉटल—भेंट कर उनका स्वागत किया।
ब्यूरो रिपोर्ट "द प्राइम एक्सप्रेस"
संवाददाता - अर्पित सेन
7806077338


.jpeg)