सागर जिले में मकरोनिया के दीनदयाल नगर क्षेत्र में जर्जर मकान की छत गिरने से 6 वर्षीय मासूम बच्ची की हुई दर्दनाक मौत ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। और इस हृदयविदारक घटना के बाद विभिन्न सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों द्वारा पीड़ित परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं।
इसी क्रम में सतनाम वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष मनी सिंह गुरोन एवं सोसाइटी की विशेष पारिवारिक सदस्य नम्रता दीक्षित पिंपलापुरे ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार के साथ हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया है। वही मनी सिंह गुरोन और नम्रता दीक्षित पिंपलापुरे ने दिवंगत बालिका को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि मासूम बच्ची की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। उन्होंने कहा कि किसी भी परिवार के लिए अपने बच्चे को खो देना जीवन का सबसे बड़ा दुःख होता है और इस पीड़ा की भरपाई कभी नहीं की जा सकती।
वही उन्होंने कहा कि सतनाम वेलफेयर सोसाइटी इस कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ पूरी संवेदना और जिम्मेदारी के साथ खड़ी है। और जल्द ही वे स्वयं पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना देंगे। इस दौरान नम्रता दीक्षित पिंपलापुरे द्वारा परिवार को आर्थिक सहायता भी प्रदान की जाएगी, ताकि विपरीत परिस्थितियों में उन्हें कुछ राहत और संबल मिल सके। उन्होंने कहा कि समाज का दायित्व है कि संकट की घड़ी में जरूरतमंद परिवारों का साथ दिया जाए और उन्हें यह एहसास कराया जाए कि वे अकेले नहीं हैं।
वही मनी सिंह गुरोन ने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए प्रशासन से जिले में स्थित सभी जर्जर भवनों का सर्वे कर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की। उनका कहना है कि समय रहते ऐसे भवनों की पहचान कर मरम्मत या उन्हें हटाने की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार को इस तरह की त्रासदी का सामना न करना पड़े। वही उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि यदि उनके आसपास कोई जर्जर भवन है तो उसकी सूचना संबंधित प्रशासनिक विभाग को दें, जिससे समय रहते उचित कदम उठाए जा सकें।
ब्यूरो रिपोर्ट "द प्राइम एक्सप्रेस"
संवाददाता - अर्पित सेन
7806077338
