खुरई में हरियाली और नशामुक्ति का डबल मिशन, 18 जुलाई को 1.20 लाख पौधे, 20 जुलाई को गांव-गांव जनजागरण रैलियां !

मालथौन। खुरई विधानसभा क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्त समाज के निर्माण को लेकर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने बड़े स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। 18 जुलाई को पूरे विधानसभा क्षेत्र में एक ही दिन में 1 लाख 20 हजार पौधों के रोपण का लक्ष्य रखा गया है, जबकि 20 जुलाई को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के "नशे से दूरी है जरूरी" अभियान के तहत हर नगर और ग्राम पंचायत में जनजागरण रैलियां निकाली जाएंगी। इन अभियानों की तैयारियों की समीक्षा पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने मालथौन में आयोजित बैठक में की।

बैठक में भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि पौधारोपण और नशामुक्ति दोनों ऐसे विषय हैं, जिनका सीधा संबंध आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन कार्यक्रमों को केवल औपचारिक सरकारी आयोजन न बनाकर जनभागीदारी के अभियान के रूप में संचालित किया जाए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, विद्यार्थियों, युवाओं और आम नागरिकों से सक्रिय भागीदारी की अपील भी की।


उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष खुरई विधानसभा क्षेत्र में एक दिन में लगभग 65 हजार पौधे लगाए गए थे, जिसके लिए क्षेत्र की चारों नगर परिषदों को राज्य शासन ने सम्मानित किया था। इस वर्ष लक्ष्य लगभग दोगुना बढ़ाकर 1.20 लाख पौधे कर दिया गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "एक पेड़ मां के नाम" अभियान का उल्लेख करते हुए प्रत्येक नागरिक से पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आग्रह किया। उनका कहना था कि वृक्ष केवल पर्यावरण नहीं, बल्कि जल, वर्षा, जैव विविधता और मानव जीवन की सुरक्षा का आधार हैं।

बैठक में एसडीएम मनोज चैरसिया ने बताया कि अभियान की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मालथौन, बांदरी और बरोदिया कलां नगर परिषदों में लगभग 38 हजार पौधे, जबकि जनपद पंचायत क्षेत्र में 19 हजार से अधिक पौधे लगाए जाएंगे। केवल मालथौन तहसील में करीब 60 हजार पौधों का रोपण प्रस्तावित है। पूरे विधानसभा क्षेत्र को 30 सेक्टरों में विभाजित कर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति कर दी गई है तथा विभागवार लक्ष्य, पौधों की उपलब्धता और गड्ढों की तैयारी पूरी कर ली गई है।

बैठक में 20 जुलाई को प्रस्तावित नशामुक्ति अभियान की भी समीक्षा की गई। भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति नहीं, पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। इसलिए गांव-गांव और शहर-शहर निकाली जाने वाली रैलियों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को इस अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक से पहले भूपेन्द्र सिंह ने मालथौन शासकीय चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में शीघ्र डायलिसिस और ब्लड ट्रांसफ्यूजन सुविधा शुरू करने, स्टाफ को आवश्यक प्रशिक्षण देने तथा 30 जुलाई तक नए अस्पताल भवन के लोकार्पण की तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही पैथोलॉजी लैब को भूतल पर स्थानांतरित करने, मरीजों के लिए प्रतीक्षालय, पार्किंग शेड, कैंटीन, हाईमास्ट लाइट और अतिरिक्त बैठने की व्यवस्था विकसित करने के भी निर्देश दिए।

उन्होंने नगर परिषद को अस्पताल में अतिरिक्त सफाईकर्मी और सुरक्षा गार्ड उपलब्ध कराने, नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने तथा अस्पताल परिसर की साफ-सफाई की निगरानी करने के निर्देश दिए। वहीं पुलिस को रात्रि गश्त बढ़ाकर असामाजिक तत्वों और नशेड़ियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा।

बैठक के दौरान भूपेन्द्र सिंह ने मालथौन के विकास से जुड़ी भविष्य की परियोजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में 110 एकड़ भूमि पर गौशाला, 15 करोड़ रुपये की लागत से आईटीआई भवन और आधुनिक एस्ट्रो टर्फ स्टेडियम का निर्माण प्रस्तावित है। बैठक के बाद उन्होंने जनसुनवाई कर नागरिकों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

ब्यूरो रिपोर्ट "द प्राइम एक्सप्रेस"
संवाददाता — अर्पित सेन 
7806077338

Post a Comment

Previous Post Next Post