रिपोर्टर: नितेंद्र राजपूत
लोकेशन: कर्रापुर
सागर। नगर परिषद कर्रापुर के वार्ड क्रमांक-1 स्थित तिन्सुआ गांव में सरकारी रास्ते पर कथित अतिक्रमण का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि खसरा क्रमांक-132 में दर्ज 15 फीट चौड़ा सरकारी मार्ग पर कब्जा कर लिया गया है, जिससे रास्ता सिमटकर करीब 5 फीट रह गया है। इससे आवागमन, कृषि कार्य और आपातकालीन सेवाओं में परेशानी हो रही है।
गांव निवासी देवेन्द्र पटेल सहित कई ग्रामीणों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर अतिक्रमण हटाने और राजस्व रिकॉर्ड के अनुसार रास्ता बहाल करने की मांग की है। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, नगर परिषद और राजस्व अधिकारियों से कई बार शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि कथित अतिक्रमण वार्ड क्रमांक-1 के पार्षद के परिवार द्वारा किया गया है।
मामले में प्रतिनिधि पार्षद यशपाल पटेल और पटवारी विजय पाठक से संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों ने फोन रिसीव नहीं किया। वहीं सीएमओ राजेश अवस्थी ने जांच कराने की बात कही है। एसडीएम अमन मिश्रा ने बताया कि शिकायत की जांच कर जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल ग्रामीण प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।
Post a Comment