सागर जिले में स्कूल बसों पर सख्ती: बिना फिटनेस दौड़ रहीं 2 बसें हुई जब्त !




सागर। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर सागर प्रशासन अब पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। कलेक्टर प्रतिभा पाल के निर्देश पर क्षेत्रीय परिवहन विभाग ने कर्रापुर क्षेत्र में स्कूल बसों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान 19 स्कूली वाहनों सहित अन्य वाहनों की जांच की गई, जिसमें दो स्कूल बसें गंभीर अनियमितताओं के साथ संचालित होती मिलीं।


जांच में बस क्रमांक CG08B5134 बिना फिटनेस प्रमाण पत्र के बच्चों को लेकर चलती मिली, जबकि बस क्रमांक MP15ZD7174 बिना फिटनेस, बीमा और प्रदूषण प्रमाण पत्र के संचालित हो रही थी। दोनों बसों को तत्काल जब्त कर सुरक्षित रूप से परिवहन कार्यालय परिसर में खड़ा कराया गया।


जांच के दौरान कुछ वाहन चालकों ने कार्रवाई से बचने के लिए रास्ता बदलने की कोशिश भी की, लेकिन जांच दल ने उन्हें भी रोककर दस्तावेजों की जांच की और नियमों का उल्लंघन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की।


परिवहन विभाग ने यह भी पाया कि लगातार चेतावनी और कार्रवाई के बावजूद कुछ स्कूल वाहन अब भी एलपीजी गैस किट लगाकर संचालित किए जा रहे हैं, जो बच्चों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा माना जाता है। विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को ऐसे वाहनों में स्कूल न भेजें जो अनफिट हों या गैस किट से संचालित किए जा रहे हों।


साथ ही जिले के सभी स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिए गए हैं कि वे बिना वैध दस्तावेज और सुरक्षा मानकों वाले वाहनों को स्कूल परिसर में प्रवेश न दें। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने स्कूल बस संचालकों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि वाहन में फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र, स्पीड गवर्नर, फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र, वैध हेवी लाइसेंस और निर्धारित क्षमता के अनुसार ही बच्चों को बैठाने जैसे सभी नियमों का पालन अनिवार्य रूप से करें।


प्रशासन ने साफ किया है कि भविष्य में भी इस तरह की सघन जांच जारी रहेगी और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



ब्यूरो रिपोर्ट "द प्राइम एक्सप्रेस"

संवाददाता — अर्पित सेन 

7806077338

Post a Comment

Previous Post Next Post