पं. दीनदयाल महाविद्यालय में अनियमितताओं पर ABVP का हल्ला बोल, प्राचार्य पर लगाए गंभीर आरोप !

सागर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय में कथित अनियमितताओं और छात्रहित से जुड़े मुद्दों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की नगर इकाई ने मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान परिषद के कार्यकर्ताओं ने महाविद्यालय परिसर में नारेबाजी करते हुए प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया और विभिन्न मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।


ANVP ने आरोप लगाया कि महाविद्यालय की प्राचार्य द्वारा स्वयं की लिखित पुस्तक को महाविद्यालय पुस्तकालय में क्रय कराकर आवंटित कराया गया है, जिसकी निष्पक्ष जांच होना आवश्यक है। परिषद का यह भी आरोप है कि विद्यार्थियों की पढ़ाई और कक्षाओं के लिए निर्मित वाणिज्य भवन में प्राचार्य कार्यालय संचालित किया जा रहा है, जबकि प्रशासनिक भवन अलग से उपलब्ध है।

विद्यार्थी परिषद ने एक होटल में आयोजित कार्यक्रम के भुगतान को लेकर भी सवाल उठाए। परिषद का आरोप है कि कार्यक्रम का भुगतान एक प्राध्यापक के नाम से किया गया, जिससे वित्तीय अनियमितता की आशंका उत्पन्न होती है। इसके अलावा अभाविप ने आरोप लगाया कि जनभागीदारी समिति का गठन न होने के बावजूद दो नियुक्तियां की गईं, जिनकी वैधानिकता की जांच कराई जानी चाहिए।


परिषद ने यह भी दावा किया कि महाविद्यालय के बैंक खाते में जमा लगभग दो करोड़ रुपये की फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) को बिना पर्याप्त पारदर्शिता के तोड़कर राशि दूसरे बैंक खाते में स्थानांतरित की गई। अभाविप ने इस पूरे वित्तीय प्रकरण की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान छात्राओं के लिए निर्मित हॉस्टल भवन में संचालित अतिरिक्त संचालक कार्यालय को अन्यत्र स्थानांतरित कर भवन को शीघ्र छात्रावास के रूप में शुरू करने की भी मांग उठाई गई। परिषद पदाधिकारियों ने कहा कि छात्रहित और महाविद्यालय में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए उनका संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आरोपों की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।


ब्यूरो रिपोर्ट "द प्राइम एक्सप्रेस"
संवाददाता — अर्पित सेन 
7806077338


Post a Comment

Previous Post Next Post