सागर। जिले के जैसीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत गेंहूरास चौराहा के पास शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। शराब के नशे में धुत एक पति ने अपनी सो रही पत्नी पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही जैसीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी मनोहर सेन (45) सैलून की दुकान संचालित करता है। बताया जा रहा है कि वह शराब का आदी था और अक्सर घरेलू विवाद करता था। शुक्रवार-शनिवार की रात करीब 12 बजे उसकी पत्नी रश्मि सेन (40) घर में सो रही थी। इसी दौरान मनोहर ने कुल्हाड़ी से उस पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में रश्मि गंभीर रूप से घायल हो गई और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
हमले के दौरान घर में मौजूद बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। पड़ोसियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। एफएसएल टीम की सहायता से भी घटनास्थल की जांच कराई जा रही है।
बताया जा रहा है कि मृतका अपने पीछे चार मासूम बच्चों को छोड़ गई है। मां की हत्या के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे घरेलू विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
जैसीनगर थाना पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
ब्यूरो रिपोर्ट "द प्राइम एक्सप्रेस"
संवाददाता — अर्पित सेन
7806077338



Post a Comment