सागर जिले में बहेरिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 57.9 लीटर अवैध शराब और बाइक जब्त !




सागर। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बहेरिया थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 57.9 लीटर अवैध देशी एवं अंग्रेजी शराब और एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त किए गए मशरूका की कुल अनुमानित कीमत 1 लाख 5 हजार 150 रुपये बताई गई है। हालांकि पुलिस को देखकर आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सोलंकी के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक ललित कश्यप के पर्यवेक्षण में जिलेभर में अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 18 जुलाई को बहेरिया थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि जलसा होटल के पास कुलिया (नाले) के किनारे एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर बड़ी मात्रा में शराब रखकर बिक्री कर रहा है।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उप निरीक्षक शशिकांत गुर्जर के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस को देखते ही आरोपी मोटरसाइकिल छोड़कर अंधेरे का लाभ उठाते हुए भाग निकला। पुलिस ने उसका पीछा किया, लेकिन वह पकड़ में नहीं आ सका।

मौके पर खड़ी बिना नंबर की हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल और प्लास्टिक के थैलों की तलाशी लेने पर पुलिस को 280 क्वार्टर और 10 बोतल अवैध शराब मिली। बरामद शराब में मैकडॉवेल नंबर-1, आईबी, सिग्नेचर, गोवा व्हिस्की, ओल्ड मोंक रम, ब्लेंडर्स प्राइड, रॉयल चैलेंज, बैकार्डी रम, मैजिक मोमेंट्स वोडका सहित कई ब्रांडों की अंग्रेजी शराब तथा देशी प्लेन शराब शामिल है।

पुलिस के अनुसार जब्त शराब की कुल मात्रा 57.9 लीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत 55 हजार 150 रुपये है। वहीं परिवहन में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर की मोटरसाइकिल की कीमत करीब 50 हजार रुपये आंकी गई है। इस तरह पुलिस ने कुल 1 लाख 5 हजार 150 रुपये का मशरूका जब्त किया है।

इस मामले में बहेरिया थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार आरोपी की पहचान करने के साथ-साथ शराब के स्रोत और इससे जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक शशिकांत गुर्जर, सहायक उप निरीक्षक देवेन्द्र दुबे, प्रधान आरक्षक दीपक गुरुंग, सुनील पांडे, आरक्षक नरेन्द्र रावत, आरक्षक मनुप्रताप सिंह सहित थाना बहेरिया के पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब और नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

ब्यूरो रिपोर्ट "द प्राइम एक्सप्रेस"
संवाददाता — अर्पित सेन 
7806077338

Post a Comment

Previous Post Next Post