नशे के कारोबार पर सागर पुलिस का करारा प्रहार, 20 किलो से अधिक गांजा जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार !



सागर, 17 अगस्त 2026। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, परिवहन और बिक्री के खिलाफ सागर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कैंट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 किलो 356 ग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा गांजे के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार जब्त मशरूके की कुल अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 60 हजार रुपये है।

पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीना जयवीर सिंह भदौरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर नरेंद्र सोलंकी के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक सागर ललित कुमार कश्यप के निर्देशन में थाना कैंट पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया।

मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी

पुलिस के मुताबिक 16 अगस्त को थाना कैंट पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति रेलवे स्टेशन रोड की ओर से फोरलेन होते हुए भैंसा बायपास की तरफ अवैध मादक पदार्थ लेकर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए राठौर बंगला, कैंट के पास घेराबंदी की।

पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर उनकी तलाशी ली। विधिवत कार्रवाई के दौरान दोनों के कब्जे से बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने कुल 20 किलो 356 ग्राम गांजा जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है। इसके साथ ही मादक पदार्थ के परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक MP 15 ZH 2945 भी जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपये है।

दो आरोपी गिरफ्तार

मामले में पुलिस ने सौरभ पिता अमरसिंह अहिरवार, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम तालचिरी, थाना गोपालगंज, जिला सागर तथा प्रिंस पिता राजू अहिरवार, उम्र 19 वर्ष, निवासी बिल्थरे मोहल्ला, गौरझामर, जिला सागर को गिरफ्तार किया है।

दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

दो दिन पहले भी की थी कार्रवाई

थाना कैंट पुलिस द्वारा मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार करीब दो दिन पूर्व भी कैंट थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 2.22 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया था। लगातार हो रही कार्रवाई से पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी स्थिति में पनपने नहीं दिया जाएगा।

पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री और परिवहन में शामिल व्यक्तियों की लगातार पतारसी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय

पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कैंट रोहित डोंगरे, उपनिरीक्षक अशोक तिवारी, उपनिरीक्षक संजय बामनिया, आरक्षक सौरभ रैकवार, आरक्षक हेमेन्द्र सिंह (साइबर सेल), प्रधान आरक्षक नीरज बांगर, प्रदीप शर्मा, आरक्षक आशीष यादव, आरक्षक भानुप्रताप चौधरी, आरक्षक देवेन्द्र रावत एवं आरक्षक नरेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

सागर पुलिस ने अपनी नीति स्पष्ट करते हुए कहा है कि नशे का अवैध कारोबार करने वालों के लिए जिले में कोई स्थान नहीं है। मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post