बस किराया वृद्धि और छात्रसंघ चुनाव को लेकर NSUI का सागर में प्रदर्शन, कलेक्ट्रेट घेरने निकले सैकड़ों छात्र !



सागर, 25 अगस्त। बसों के किराए में अप्रत्याशित वृद्धि, छात्रों की विभिन्न समस्याओं और छात्रसंघ चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से कराने की मांग को लेकर मंगलवार को भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) ने सागर में जोरदार प्रदर्शन किया। जिला NSUI अध्यक्ष अक्षत कोठारी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्र सिविल लाइन स्थित कैंट मॉल से कलेक्ट्रेट घेराव के लिए रवाना हुए। प्रदर्शन में NSUI के प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे भी शामिल हुए।

प्रदर्शनकारी छात्र नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ रहे थे। कुलपति निवास के सामने पुलिस ने छात्रों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की और पानी की बौछार का इस्तेमाल किया। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी आगे बढ़ने का प्रयास करते रहे। इस दौरान छात्रों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और झूमाझटकी की स्थिति भी बनी।

बस किराया बढ़ने से छात्रों पर बोझ

NSUI प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे ने कहा कि बसों का किराया बढ़ने से सबसे ज्यादा परेशानी छात्र और उनके अभिभावकों को उठानी पड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई मार्गों पर बस किराया लगभग दोगुना हो गया है, जिससे रोजाना कॉलेज आने-जाने वाले विद्यार्थियों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है।

उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों की समस्याओं को सुनने के बजाय उनकी आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। छात्रों की समस्याओं पर सरकार और प्रशासन को संवाद करना चाहिए। चौकसे ने छात्रसंघ चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से कराने की मांग भी दोहराई। उनका कहना था कि प्रत्यक्ष चुनाव के माध्यम से छात्रों में नेतृत्व क्षमता विकसित होती है और उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी का अवसर मिलता है।

"हर मोर्चे पर संघर्ष के लिए तैयार"

जिला NSUI अध्यक्ष अक्षत कोठारी ने कहा कि छात्रों की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि संगठन छात्रों के हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर हर मोर्चे पर संघर्ष करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि छात्र अपनी मांगों को लेकर लगातार आंदोलन करते रहेंगे और उनकी आवाज प्रदेश से लेकर देश तक पहुंचेगी।

कांग्रेस नेताओं ने भी दिया समर्थन

प्रदर्शन को जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मुहासा ने भी समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में छात्रों को अपनी समस्याओं के लिए आवाज उठाने और संघर्ष करने का पूरा अधिकार है। प्रशासन को प्रदर्शनकारी छात्रों की बात सुनकर उनकी समस्याओं का निराकरण करना चाहिए।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने भी शासन और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए छात्रों की मांगों का समर्थन किया।



पुलिस ने प्रदेश और जिला अध्यक्ष को किया गिरफ्तार

कलेक्ट्रेट घेराव के दौरान पुलिस ने NSUI प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे और जिला अध्यक्ष अक्षत कोठारी को हिरासत में लेकर सिविल लाइन थाने पहुंचाया। दोनों नेताओं की गिरफ्तारी के बाद प्रदर्शनकारियों में नाराजगी देखने को मिली। बाद में ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मुहासा के थाने पहुंचने के बाद पुलिस ने दोनों नेताओं को छोड़ दिया।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी संख्या में बल तैनात किया था। बैरिकेडिंग और पानी की बौछार के बावजूद छात्र अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते रहे।

प्रदर्शन में जिला कांग्रेस ग्रामीण महासचिव आशीष ज्योतिषी, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष बब्बू यादव, महिला कांग्रेस अध्यक्ष रिचा सिंह, शैलेंद्र तोमर, NSUI प्रदेश महासचिव शाहरुख खान रिंकू, सेवादल अध्यक्ष सिंटू कटारे, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप चौधरी, पार्षद ताहिर खान, शिवशंकर यादव, चमन अंसारी, रेखा सोनी, ज्योति मलैया, कमल चौधरी, संजय रोहितास, जय पाराशर, विजय पाराशर, युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव अक्षय दुबे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस और NSUI कार्यकर्ता मौजूद रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post