सागर। जिले में अवैध हथियारों के निर्माण और सप्लाई के खिलाफ कैंट थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी कट्टा, एक रिवाल्वर, एक पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस समेत हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि कजलीवन मैदान के पास एक युवक अवैध कट्टा और कारतूस लेकर घूम रहा है। टीम ने मौके पर दबिश देकर अनुज सेन (24) निवासी लक्ष्मीपुरा वार्ड को पकड़ा। तलाशी में उसके पास से .315 बोर का देशी कट्टा और जिंदा कारतूस मिला।
पूछताछ में अनुज ने हथियार साहिल अहिरवार (24) निवासी बीना से लेने की जानकारी दी। पुलिस ने साहिल के घर दबिश देकर .38 बोर की देशी रिवाल्वर, कारतूस और हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए। इनमें ड्रिल मशीन, हथौड़ा, लोहे की रॉड, पाइप, स्प्रिंग, कटी हुई नाल, स्क्रू सहित अन्य सामग्री शामिल है।
पूछताछ में तीसरे आरोपी सूरज अहिरवार (23) का नाम सामने आया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उसके कब्जे से .32 बोर की देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किया। पुलिस मामले में आरोपियों से पूछताछ कर हथियार निर्माण और सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
ब्यूरो रिपोर्ट - 'द प्राइम एक्सप्रेस'
संवाददाता - अर्पित सेन
7806077338

Post a Comment