स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को दिया अंतिम रूप, पुलिस बल, एनसीसी एवं शौर्य दल ने किया मार्च पास्ट !

 


सागर, 13 अगस्त 2026। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले मुख्य समारोह की तैयारियों के तहत गुरुवार को परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास संपन्न हुआ। समारोह स्थल पर आयोजित रिहर्सल में नगर निगम आयुक्त श्री राजकुमार खत्री एवं पुलिस अधीक्षक श्री विकास शाहवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने परेड का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

अंतिम पूर्वाभ्यास के दौरान स्वतंत्रता दिवस समारोह का पूरा स्वरूप प्रस्तुत किया गया। पुलिस बल, एनसीसी एवं शौर्य दल की विभिन्न टुकड़ियों ने अनुशासित एवं आकर्षक मार्च पास्ट का प्रदर्शन किया। कदमताल करते हुए जवानों और विद्यार्थियों की टुकड़ियों ने देशभक्ति एवं राष्ट्रीय गौरव का संदेश दिया। परेड के दौरान सुरक्षा, अनुशासन और आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं को भी बारीकी से परखा गया।



देशभक्ति से सराबोर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

परेड के पश्चात स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में राष्ट्रप्रेम, एकता, अखंडता और देश के प्रति समर्पण की भावना देखने को मिली। अंतिम पूर्वाभ्यास के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों के क्रम, मंच व्यवस्था और अन्य आवश्यक तैयारियों को भी अंतिम रूप दिया गया।

व्यवस्थाओं का लिया जायजा

स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह को व्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए अधिकारियों ने आयोजन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि समारोह स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, बिजली, ध्वनि व्यवस्था सहित सभी आवश्यक इंतजाम समय रहते सुनिश्चित किए जाएं।

अधिकारियों ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय पर्व है और इसके आयोजन में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित जिम्मेदारियों को समय पर पूरा करें, ताकि मुख्य समारोह में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

अंतिम पूर्वाभ्यास के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट शैलेन्द्र द्विवेदी, सागर एसडीएम रोहित वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंतिम रिहर्सल के साथ ही 15 अगस्त को होने वाले मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां लगभग पूर्ण कर ली गई हैं।


ब्यूरो रिपोर्ट - 'द प्राइम एक्सप्रेस'  

संवाददाता - अर्पित सेन 

7806077338 

Post a Comment

Previous Post Next Post