सागर में 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह का भव्य आयोजन !

 



सागर, 15 अगस्त 2026। सागर में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह, उमंग और देशभक्ति के वातावरण में गरिमामय ढंग से आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। ध्वजारोहण के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रदेशवासियों के नाम संदेश का सजीव प्रसारण किया गया।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने मध्यप्रदेश में सुशासन और जनविश्वास को मजबूत करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। समान नागरिक संहिता लागू करने तथा मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान की शुरुआत सहित सरकार की विभिन्न प्राथमिकताओं का भी उल्लेख किया गया।



समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आजादी के 80वें वर्ष में प्रवेश कर रहा भारत विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है और वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने सागर की ऐतिहासिक धरती को नमन करते हुए गोंड राजा संग्रामशाह, बुंदेला शासकों, मराठों तथा 1842 के बुंदेला विद्रोह से लेकर 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन तक सागर के वीरों के योगदान को याद किया। उन्होंने जिले के सर्वांगीण विकास में प्रत्येक नागरिक से अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

समारोह का प्रमुख आकर्षण भव्य मार्च पास्ट रहा। परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक और आशीष कुमार तिवारी के नेतृत्व में सशस्त्र बल, पुलिस प्रशिक्षण शाला, एनसीसी बालक-बालिका कैडेट्स तथा शौर्य दल की टुकड़ियों ने अनुशासित मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। वहीं लिटिल स्टार शैलेष मेमोरियल विद्यालय, सांदीपनि शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया।



इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और लोकतंत्र सेनानियों को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में जूडो में रजत पदक जीतकर सागर का नाम रोशन करने वाली खिलाड़ी यामिनी मौर्य को भी सम्मानित किया गया। इसके अलावा देहदान करने वाले दानदाताओं के परिजनों, उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों तथा सांस्कृतिक एवं परेड प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

परेड की सशस्त्र श्रेणी में जेएनपीए सागर, 10वीं वाहिनी वि.स. बल सागर तथा पुलिस प्रशिक्षण शाला मकरोनिया ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। निशस्त्र परेड में 11 एमपी एनसीसी बालक, 7 एमपी एनसीसी बालिका एवं शौर्य दल सागर तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम में लिटिल स्टार शैलेष मेमोरियल विद्यालय, सांदीपनि शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ने शानदार प्रदर्शन किया।

समारोह में जनसंपर्क संचालनालय द्वारा प्रकाशित “बदलते दौर का मध्यप्रदेश - जिले की विकास गाथा” पुस्तिका का वितरण भी किया गया। पुस्तिका में जिले के विकास कार्यों, योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी गई है।



इस अवसर पर सांसद लता वानखेड़े, विधायक शैलेंद्र जैन, महापौर संगीता तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, कमिश्नर अनिल सुचारी, कलेक्टर प्रतिभा पाल, डीआईजी शशिंद्र चौहान, एसपी अनुराग सुजानिया सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। समारोह ने सागर की ऐतिहासिक विरासत, देशभक्ति और विकास के प्रति सामूहिक संकल्प को प्रभावी रूप से प्रदर्शित किया।


ब्यूरो रिपोर्ट 'द प्राइम एक्सप्रेस' 

संवाददाता - अर्पित सेन 

7806077338

Post a Comment

Previous Post Next Post