पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह ने जनसुनवाई में सुनीं समस्याएं, अधिकारियों से कराया निराकरण !



खुरई, 17 अगस्त 2026।
पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने सोमवार को खुरई में आयोजित नियमित जनसुनवाई में आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र एवं समुचित निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे और अपनी समस्याओं एवं मांगों से विधायक को अवगत कराया। श्री सिंह ने कहा कि प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग के माध्यम से उसका समाधान कराया जाएगा।

जनसुनवाई में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि आज श्रावण मास का सोमवार होने के साथ नाग पंचमी का पर्व भी है। पूरे नगर में भगवान शिव की आराधना और शिवलिंग निर्माण के कार्यक्रम हो रहे हैं। जगह-जगह धार्मिक आयोजन होने से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ है। उन्होंने कहा कि नाग पंचमी हमारी समृद्ध सनातन संस्कृति और परंपराओं का महत्वपूर्ण पर्व है, जिसमें नाग देवता की पूजा की जाती है।

विधायक ने जनसुनवाई की व्यवस्था के संबंध में कहा कि नागरिकों को अपनी समस्याएं लेकर लंबे समय तक खड़ा न रहना पड़े, इसके लिए कार्यकर्ता लोगों के बीच जाकर आवेदन एकत्रित करेंगे। इसके बाद प्रत्येक आवेदक को बुलाकर संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में समस्या के निराकरण की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से भी जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य करने को कहा।

इस अवसर पर भूपेन्द्र सिंह ने अपने एक महत्वपूर्ण संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले लगभग आठ-नौ माह से उन्होंने स्वागत में फूल-माला और पुष्पगुच्छ स्वीकार नहीं करने का निर्णय लिया है। इसके स्थान पर कार्यकर्ताओं और शुभेच्छुओं द्वारा दी जाने वाली उपयोगी सामग्री को जरूरतमंद परिवारों तथा स्कूली बच्चों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले एक माह में लगभग पांच हजार बच्चों को कॉपी, पेन, पेंसिल और छाते जैसी सामग्री वितरित की गई है। उन्होंने कहा कि इस तरह प्राप्त सामग्री वास्तव में बच्चों की पढ़ाई में उपयोगी साबित होती है और उनके भविष्य निर्माण में सहयोग करती है।

भूपेन्द्र सिंह ने नागरिकों से अपील की कि स्वागत के नाम पर प्लास्टिक की सामग्री न दें। उन्होंने कहा कि चाहे एक कॉपी या पेन दिया जाए अथवा कुछ भी नहीं दिया जाए, लेकिन प्लास्टिक की वस्तुएं देने से बचना चाहिए। चंदन और रोली का तिलक लगाकर भी आत्मीयता से स्वागत किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक पर्यावरण के लिए नुकसानदायक है और ऐसी सामग्री का कोई उपयोग भी नहीं हो पाता।



उन्होंने शॉल के स्थान पर भी जरूरतमंद बच्चों के लिए उपयोगी सामग्री देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि कॉपी, किताब, पेन, पेंसिल और अन्य स्टेशनरी सामग्री देने से क्षेत्र के बच्चों को पढ़ाई में मदद मिलेगी तथा आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को आवश्यक सामग्री के अभाव का सामना नहीं करना पड़ेगा।

विभिन्न कार्यक्रमों के दौरान स्थानीय नागरिकों और संगठनों ने विधायक भूपेन्द्र सिंह का उपयोगी सामग्री, स्टेशनरी एवं छातों आदि से स्वागत किया। कपड़ा व्यापारी संघ द्वारा लगभग पांच हजार रुपये मूल्य के वस्त्र भी भेंट किए गए। इन वस्त्रों को जरूरतमंद लोगों में वितरित किया जाएगा।

जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, भाजपा मंडल अध्यक्ष, पार्टी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। जनसुनवाई के साथ विधायक ने खुरई तहसील और मिड वे रिट्रीट का निरीक्षण भी किया। इसके अलावा उन्होंने कुशवाहा समाज खुरई द्वारा आयोजित दो दिवसीय अखंड रामायण एवं शिवस्वरूप रुद्री निर्माण कार्यक्रम में शामिल होकर धार्मिक आयोजन में सहभागिता की। जनसुनवाई और विभिन्न कार्यक्रमों के दौरान विधायक ने जनसेवा, पर्यावरण संरक्षण तथा जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहयोग का संदेश दिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post