सागर के कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध देशी कट्टे के साथ 24 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पुरव्याऊ टौरी इलाके में जनता स्कूल के पास संदिग्ध हालत में हथियार लेकर घूम रहा था। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
पुलिस के अनुसार, टीम को देखते ही युवक भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर घेराबंदी करते हुए उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा बरामद हुआ।
हथियार बरामद होते ही पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर कोतवाली थाने लेकर पहुंची, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राज पिता बलराम सोनी, उम्र 24 वर्ष, निवासी रविशंकर वार्ड बताया है।
कोतवाली थाना प्रभारी मनीष सिंघल ने बताया कि आरोपी के कब्जे से देशी कट्टा बरामद हुआ है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने यह कट्टा किसी अज्ञात व्यक्ति से 5 हजार रुपए में खरीदा था।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी से हथियार खरीदने के स्रोत सहित अन्य पहलुओं पर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी हथियार लेकर क्षेत्र में क्यों घूम रहा था और उसे कट्टा उपलब्ध कराने वाला व्यक्ति कौन है।
अवैध हथियार के इस मामले में पुलिस की जांच आगे बढ़ने के साथ और भी जानकारी सामने आने की संभावना है।


Post a Comment