सागर। थाना गोपालगंज पुलिस ने क्षेत्र में हुई चोरी की दो वारदातों का महज 24 घंटे में खुलासा करते हुए एक ही गैंग के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं। वहीं, चोरी के माल की खरीद-फरोख्त में संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने दो सगे कबाड़ी भाइयों को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर चोरी की अन्य वारदातों और चोरी के माल को खपाने वाले लोगों की जानकारी जुटा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सागर श्री अनुराग सुजानिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नरेंद्र सोलंकी के मार्गदर्शन, नगर पुलिस अधीक्षक श्री ललित कश्यप के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी गोपालगंज श्री घनश्याम शर्मा के नेतृत्व में की गई।
एसएम मोटर्स से बैटरी और एसी रेडिएटर चोरी
पुलिस के मुताबिक 22 अगस्त 2026 की रात अटल पार्क के पास स्थित एसएम मोटर्स की दुकान में अज्ञात चोर गेट कूदकर दाखिल हुआ। चोर ने रिपेयरिंग के लिए खड़ी कारों में से एक लाल रंग की एक्साइड कंपनी की बैटरी, एक ग्रे रंग की बोस कंपनी की बैटरी और एक कार का एसी रेडिएटर चोरी कर लिया। चोरी गए सामान की कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई गई है। मामले में थाना गोपालगंज में एफआईआर क्रमांक 409 के तहत धारा 303(5), 331(4) बीएनएस में अपराध दर्ज किया गया।
रेस्टोरेंट में भी की चोरी
इसके अगले ही दिन 23 अगस्त की रात अटल पार्क के पास स्थित द पंगत रेस्टोरेंट को निशाना बनाया गया। चोर गेट कूदकर अंदर घुसे और दो बड़े व दो छोटे एल्युमिनियम के भगोने, दो बड़े एल्युमिनियम के ढक्कन तथा एक बड़ी और एक छोटी एल्युमिनियम की कढ़ाई चोरी कर ले गए। चोरी हुए सामान की कीमत करीब सात हजार रुपये थी। इस मामले में एफआईआर क्रमांक 411 के तहत धारा 303(5), 331(4) बीएनएस में प्रकरण दर्ज किया गया।
24 घंटे में गैंग तक पहुंची पुलिस
दोनों घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए गोपालगंज पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर संदिग्धों की तलाश शुरू की। पुलिस ने लगातार सुराग जुटाते हुए 24 घंटे के भीतर दोनों वारदातों में शामिल एक ही गैंग का पता लगा लिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी सीतेन्द्र पिता देवराज पारदी, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम झिरिया पहाड़ी, थाना त्योंदा, जिला विदिशा सहित तीन महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
चोरी का माल खरीदने वाले दो भाई गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस को चोरी के सामान को खपाने वाले लोगों के बारे में भी जानकारी मिली। इसके आधार पर मोतीनगर क्षेत्र में राहतगढ़ बस स्टैंड के पास स्थित सलीम कबाड़ी की दुकान पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने यहां से दो सगे भाइयों मोहम्मद अलीम पठान, उम्र 20 वर्ष और मोहम्मद शोहेल पठान, उम्र 18 वर्ष, दोनों निवासी कसाई मंडी, राहतगढ़ बस स्टैंड के पास, भगत सिंह वार्ड, थाना मोतीनगर को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार दोनों से चोरी के माल की खरीद-बिक्री और उसे खपाने के संबंध में पूछताछ की जा रही है। साथ ही चोरी का सामान बरामद करने के प्रयास भी जारी हैं।
गोपालगंज पुलिस ने कबाड़ी कारोबारियों को चेतावनी दी है कि बिना पहचान, स्रोत और वैध दस्तावेजों की जांच किए संदिग्ध सामान की खरीद-फरोख्त न करें। चोरी का माल खरीदने, बेचने, छिपाने या उसे खपाने में सहयोग करने वालों के खिलाफ भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य चोरी की घटनाओं और इस नेटवर्क से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है।

Post a Comment