सागर। जिला अधिवक्ता संघ सागर के द्विवार्षिक चुनाव वर्ष 2026-2028 को लेकर चुनावी प्रक्रिया अब निर्णायक दौर में पहुंच गई है। गुरुवार, 20 अगस्त को पोस्टल बैलेट के जरिए मतदान की प्रक्रिया पूरी की गई। निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से जारी प्रेस-विज्ञप्ति के अनुसार, कुल 15 पोस्टल मतपत्रों को गुप्त मतदान के बाद लिफाफों में बंद कर सुरक्षित पैक किया गया है।
अब जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव में मुख्य मतदान 21 अगस्त 2026 को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक कराया जाएगा। निर्वाचन अधिकारी की ओर से अधिवक्ता मतदाताओं से निर्धारित समयावधि में मतदान करने की अपील की गई है। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि यदि कोई मतदाता निर्धारित समय समाप्त होने के बाद मतदान कक्ष में पहुंचता है, तो उसे मतदान का अवसर दिया जाएगा।
चुनाव को लेकर सुरक्षा और पारदर्शिता के विशेष इंतजाम किए गए हैं। बारिश को देखते हुए मतदान स्थल पर वाटरप्रूफ व्यवस्था की गई है। मतदान पेटियों पर कैमरों से निगरानी रखी जाएगी, जबकि मतदान केंद्र पर पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था भी की गई है।
मतदान के दौरान प्रवेश के लिए गेट नंबर-3 निर्धारित किया गया है, जबकि मतदान के बाद निकासी गेट नंबर-5 से होगी। मतदान दल के तैनात सदस्यों को अधिवक्ता परिचय पत्र अथवा अन्य वैध प्रमाण के आधार पर ही प्रवेश दिया जाएगा।
निर्वाचन अधिकारी के.पी. दुबे के नेतृत्व में चुनाव प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और बिना किसी भेदभाव के संपन्न कराने की बात कही गई है। निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि मतदान प्रक्रिया में किसी भी गैर-अधिवक्ता के हस्तक्षेप की अनुमति नहीं होगी। साथ ही चुनाव के दौरान शांति और व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई है। किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि सामने आने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
चुनाव का सबसे महत्वपूर्ण चरण इसके बाद 22 अगस्त 2026 को सुबह 11 बजे शुरू होगा। भूतल स्थित कक्ष में कैमरों की निगरानी के बीच मतगणना की जाएगी। मतगणना के दौरान प्रत्याशी अथवा उनके अधिकृत एजेंट की मौजूदगी रहेगी। इस संबंध में प्रत्याशियों को विभिन्न बैठकों के माध्यम से पहले ही जानकारी दी जा चुकी है।
निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि सभी मतों की गणना पूरी होने के बाद ही चुनाव परिणाम घोषित किया जाएगा। ऐसे में 21 अगस्त का मतदान और 22 अगस्त की मतगणना जिला अधिवक्ता संघ सागर के चुनाव की तस्वीर तय करेगी।
ब्यूरो रिपोर्ट 'द प्राइम एक्सप्रेस'
संवाददाता — अर्पित सेन
7806077338


Post a Comment